डीएम ने विकास खंड दुदही के विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण

कुशीनगर से अनिल राय की रिपोर्ट

कुशीनगर। जिलाधिकारी रमेश रंजन द्वारा बृहस्पिवार को विकासखंड दुदही के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में सर्वप्रथम जिलाधिकारी जल जीवन मिशन के निर्माण कार्यों के निरीक्षण करने हेतु धर्मपुर पर्वत पहुंचे वहां उन्होंने निर्माणाधीन पानी टंकी का निरीक्षण किया। इस संदर्भ में पूरी विवरणी ली गई। जिलाधिकारी ने पाइपों का निरीक्षण तथा पानी की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। खुदाई करवाकर पाइप की गहराई देखी तथा मानक अनुसार गहराई पर पाइप डाले गए हैं या नहीं इसकी भी जांच की। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिशासी अभियंता जल निगम को समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा कार्य में गुणवत्ता व निर्धारित मानक पर ध्यान देने हेतु कहा।
इस क्रम में जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर पर्वत का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। विद्यालय निरीक्षण दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में फर्नीचर व्यवस्था, बिजली व्यवस्था, किताबों की उपलब्धता तथा स्कूल ड्रेस की उपलब्धता समेत सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। जिलाधिकारी महोदय कक्षा 06, 07 और कक्षा 08 में गए वहां उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के सवाल भी बनवाये तथा उन्होंने उपस्थित शिक्षक से निजी विद्यालयों के सापेक्ष शिक्षण गुणवत्ता के बारे में भी बात की। फर्नीचर व्यवस्था हेतु ग्राम प्रधान व सचिव को उन्होंने निर्देशित किया। बच्चों से पूछा कि नियमित रूप से विद्यालय आते हैं या नहीं किताबे मिली या नहीं आदि।

तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा धर्मपुर पर्वत में नाली निर्माण, सिल्ट कैचर, आदि का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी ने नाली निर्माण हेतु मानक का निरीक्षण, सिल्ट कैचर, सोख्ता आदि को देखा, नाली निर्माण, सिल्ट कैचर के डिजाइन को मंगवा कर मौके पर देखा। और खंड विकास अधिकारी दुदही को निर्माण कार्यो की नियमित तौर पर मॉनिटरिंग हेतु भी निर्देश दिए। इस क्रम में मानक अनुरूप कार्य नहीं पाए जाने पर उन्होनें पूर्व सचिव पर कार्यवाही के भी निर्देश दिए।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा गगलवा में जल जीवन मिशन की पानी टंकी का निरीक्षण किया गया, मोटर चलवा कर देखा, पानी की लीकेज और पानी की गुणवत्ता का निरीक्षण गांव जाकर में किया गया। जिलाधिकारी ने साइट इंचार्ज से इस बात की जानकारी ली कि कितने दिन पानी चले और कितने लोगों के पानी के कनेक्शन दिए गए हैं, उसमें कितने क्रियाशील है।जिलाधिकारी ने उक्त मजरे में लाभार्थियों के घर जाकर नल चलवाकर पानी की गुणवत्ता भी चेक किया। पानी की लीकेज और अनियमितता पाए जाने पर साइट इंचार्ज पर जिलाधिकारी ने एफ आई आर दर्ज किए जाने के निर्देश दिए। इस क्रम में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण अनुराग गौतम को भी जिलाधिकारी ने फटकार लगाई।
तत्पश्चात जिलाधिकारी गौरी श्रीराम में निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्राम प्रधान से पूछा कि बच्चे खेलने आते हैं कि नहीं, प्रकाश व्यवस्था आदि के बारे में भी पूछा। उन्होनें ससमय कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात जिलाधिकारी गौरी श्रीराम (दुदही) में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार मिशन अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए समूह के गठन व उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आय सृजन कर स्वाबलंबी बनना है। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाएं समूह में इकट्ठे होकर कार्य करें इससे उन्हें लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा प्रदत की जा रही प्रोत्साहन राशि से आगे बढ़े व महिलाएं स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर बने। जिलाधिकारी ने कहा कि विकासखंड दुदही में हल्दी की पैदावार को देखते हुए महिलाएं छोटे-छोटे हल्दी के पैकेट बनाकर बेचने का कार्य कर सकती है, इसमें उन्हें प्रशिक्षित किया जाए।
उपस्थित समूह की महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और मनरेगा के बारे में बताया गया, उन्हें विभिन्न व्यवसाय यथा झाड़ू निर्माण, सिलाई, पशुपालन बकरी पालन,हल्दी, मसाला आदि के बारे में जागरूक किया गया। विदित हो कि गौरी श्रीराम में 19 महिला स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं उन्हें समूह गठन के बारे में भी बताया गया।
मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी द्वारा भी समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया गया तथा सामुदायिक शौचालय की केयर टेकर महिलाओं से उन्हें मिलने वाले मानदेय की बात की गई। शौचालय खुलने के समय व बंद होने के के बारे में भी बातचीत की गई। सभी लंबित मानदेय के शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, उपायुक्त मनरेगा राकेश कुमार, डी डी ओ कल्पना मिश्रा व सभी संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Latest Articles