मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दी हिदायत, कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
By:- Amitabh Chaubey
गोरखपुर(आज़ाद पत्र):- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन में लोगों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं और तुरंत निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही साथ हिदायत दी कि पीड़ितों की मदद और पात्रों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने में विलंब नहीं होना चाहिए। इसमें किसी तरह की कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने जनता दर्शन में सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का वह प्रभावी निस्तारण कराएंगे। इसे लेकर उन्होंने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देशित किया कि वह यह भी पता लगाएं कि यदि किसी को प्रशासन का सहयोग नहीं मिला है तो ऐसा क्यों और किन कारणों। हर पीड़ित की त्वरित मदद की जाए।
उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधि सम्मत कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया। आप को बता दे कि जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी।