देश-प्रदेश में कानून का राज, माफिया दिखाई दे रहे है व्हीलचेयर पर- सीएम योगी
- जनसभा में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर बोला हमला
- दारा सिंह चौहान के भारी मतों से जिताने की अपील
मऊ। घोसी चीनी मिल के मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। इंडिया गठबंधन को भी निशाने पर लेते हुए समाजवादी पार्टी को गुंडों और माफिया का हिमायती कहा। भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर अग्रसर पर है। भारत विश्व गुरु बनने की राह पर है। एक तरफ जहां पीएम मोदी सबका साथ-सबका विकास की बात करते हैं वहीं दूसरी तरफ देश के साथ गद्दारी करने वाले दगाबाज लोग देश में अव्यवस्था फैलाने के काम कर रहे हैं। उन्हें देश के विकास से तकलीफ है। वो अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। घोसी चीनी मिल के समीप स्थित मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ से पूछा कि सपा के सरकार में गुंडागर्दी को भूल गए क्या। आज देश-प्रदेश में सुशासन है। कानून का राज है। माफिया व्हीलचेयर पर दिखाई दे रहे है। कोई किसी की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता। कब्जा करने पर बुलडोजर चलता है। पांच साल में 55 लाख गरीबों को आवास दिलाया गया है। 55 वर्षों में कांग्रेस ने कोई काम नहीं किया। बिजली, आवास व शौचालय भाजपा ने दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के मसीहा हैं। कोरोना काल में कांग्रेस नेतृत्व इटली में था। उस कठिन समय में प्रदेश व केंद्र सरकार जनता की सहायता की। 15 करोड़ जनता को निःशुल्क खाद्यान्न दिया। यह लड़ाई एक तरफ गरीबों के साथ का है। गरीब की संपत्ति कोई हड़प नहीं सकता है। एक तरफ सपा की सरकार चीनी मिल बंद करती थी। हम उसको चला रहे है। आपके क्षेत्र को विकास की धारा से जोड़ने के लिए सत्ताधारी दल का विधायक जरूरी है। घोसी चीनी मिल मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा महापुरुषों का सम्मान करती है। सपा की सरकार में एक परिवार का विकास हुआ। चाचा-भतीजा की सरकार चलती थी। केंद्र व राज्य में डबल इंजन की सरकार है। हर सभी को विकास का लाभ मिल रहा है। नगर निकाय में भी भाजपा ने परचम लहराया। विकास की गति को घोसी में बढ़ाने की आवश्यकता है। दारा सिंह चौहान ने दल नहीं बदला, अपने घर आए हैं। फिर से जनता की अदालत में खड़े। घोसी को नई बुलदियों पर पहुंचाने के लिए दारा की गलतियों को भुलाने की आवश्यकता है। सारे मंत्री विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। मऊ में मेडिकल कालेज का सपना साकार हो रहा है। अयोध्या में राममंदिर का जनवरी में उद्घाटन होने जा रहा है। काशी विश्वनाथ में कितनी संकरी गली थी। आज 50 फीट का रास्ता है। दारा सिंह के पक्ष में वोट मांगते हुए सीएम ने कहा सुबह का भूला अगर शाम को आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते. समाजवादी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाते हुए सीएम ने कहा कि यह वही सरकार है जब जन्माष्टमी आई थी तो थानों में जन्माष्टमी के त्योहार पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन अब मेरी सरकार जन्माष्टमी के त्यौहार को धूमधाम से मनाएगी। 2005 के दंगों का जिक्र करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मऊ में हुए 2005 के दंगों के समय मैं गोरखपुर से सांसद था, तब दंगाबाजों के खिलाफ लड़ने के लिए मैं ही गोरखपुर से चला था।सीएम ने आगे कहा कि घोसी का उपचुनाव महत्वपूर्ण है, इसका महत्व वही समझ पाएंगे जिन्होंने 2005 में हुए मऊ के दंगों को नजदीक से महसूस किया होगा। तत्कालीन सपा सरकार में दंगाई खुलेआम असलहे लहराते हुए निर्दोषों की हत्या कर रहे थे। उस वक्त न तो केंद्र की कांग्रेस सरकार कुछ बोली न ही राज्य की सपा सरकार कुछ कर पाई थी। वहीं इस दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरी दुनिया आज केवल एक ही नेता की ओर देखती है। दुनिया के किसी भी कोने में संकट आने पर लोग आज केवल प्रधानमंत्री की तरफ आशा भरी निगाहों से देखते हैं। प्रधानमंत्री की पहल पर ही हर समस्या का समाधान निकलता है। अपनी सरकार की तारीख करते हुए सीएम ने कहा कि पिछले 6 वर्षों में बीजेपी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के जन-जन के विकास के लिए कार्य किए हैं। बीजेपी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। इससे पूर्व जनसभा को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, नगर विकास मंत्री एके शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डॉक्टर संजय निषाद, आशीष पटेल, नंद गोपाल नंदी, अनिल राजभर, सूर्य प्रताप शाही, बेबी रानी मौर्य, दयाशंकर सिंह, गिरीश चंद यादव, अनूप गुप्ता ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता व संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने किया।
- Advertisement -