भगवान मानव कल्याण समिति अरियासो के तत्वाधान में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया
संस्था से जुड़ी महिलाओं ने नारी वेदना व नारी चेतना से जुड़े कई गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये
घोसी,मऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पखवारा के तहत गुरुवार को नगर के विकास रोड पर भगवान मानव कल्याण समिति अरियासो के तत्वाधान में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं से संबंधित विभिन्न जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल कल्याण समिति मऊ के अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह व सदस्य कंचन तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से आये हुए विशेषज्ञों ने महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिलाओं की लीगल लिटरेसी, श्रम पंजीकरण, जननी सुरक्षा योजना, आईसीडीएस, बाल कल्याण, यौन उत्पीड़न से संरक्षण का अधिकार, पुरुषों के समान पारिश्रमिक का अधिकार, पति अथवा रिश्तेदारों के खिलाफ घरेलू हिसा से सुरक्षा का अधिकार, कामकाजी महिलाओं को मातृत्व संबंधी लाभ का अधिकार, कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ अधिकार, रात में गिरफ्तार न होने का अधिकार, संपत्ति में बराबरी का अधिकार आदि बिंदुओं पर जानकारी दी।इस अवसर पर संस्था से जुड़ी महिलाओं ने नारी वेदना व नारी चेतना से जुड़े कई गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये, जिनकी मौजूद लोगों ने भूरि भूरि प्रशंसा की।
बाल कल्याण समिति की सदस्य कंचन तिवारी की अध्यक्षता व डा० अनीता मिश्रा के संचालन में चले इस महिला सम्मेलन में मुख्य रूप से कंवल गिरी, पूनम सिंह, ज्ञानती यादव, महिला आरक्षी खुशबू, सीएचसी घोसी अधीक्षक डा० एस० एन० आर्य, डा० अतुल कुमार शर्मा, अरविंद पांडेय, खुर्शीद खान, रमेशचंद्र सिंह, शशिकला, रीमा, रिंकू आदि ने अपने विचार व्यक्त किये।
अंत में भगवान मानव कल्याण समिति की परियोजना निदेशक पूनम सिंह ने सभी आगन्तुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।