मनमोहन तिवारी
बहराइच। महसी तहसील के घाघरा नदी के तटवर्ती गांव तिकुरी, पिपरी, पिपरा, कायमपुर के लोगों से मिलने पहुंचे एसडीएम महसी एस. एन. त्रिपाठी, तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने लोगों की पीड़ा को समझते हुए उनके हर दुख सुख में शामिल रहने को कहा।
इस बार घाघरा नदी फिर अपना कहर बरसाने को तैयार दिख रही है। बारिश के बाद ही घाघरा नदी तेजी से खतरे के निशान की तरफ बढ़ रही हैं, जिससे कटान का खतरा मंडराने लगा है। नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण पिछले 24 घंटे में इतनी तेजी से जल स्तर बढ़ रहा है कि घाघरा नदी के तटवर्ती गांव में पानी अपना पांव पसारने को तैयार है। तहसीलदार महसी ने क्षेत्रीय लेखपाल छोटेलाल को हर समय क्षेत्र में रहने को कहा और क्षेत्रीय लेखपाल को आदेशित किया कि घाघरा नदी कटान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, जो परिवार अपना घर तोड़ लिए हैं, उनको तुरंत त्रिपाल मुहैया कराया। एस. डी. एम. महसी ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए हम लोग सारी तैयारियां पूरी कर लीं हैं, और हमारे तहसील के कर्मचारी बराबर बाढ़ व कटान पीड़ितों पर नजर रखेंगे। नायब तहसीलदार महसी ने लेखपाल से बताया कि जिन लोगों के घर नदी में समाहित हो गए हैं उनकी रिपोर्ट तुरंत तहसील महसी में दाखिल करें, और बाढ़ कटान पीड़ित परिवारों पर विशेष ध्यान रखा जाए।