● अधिकारियों संग सुनीता सिंह ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
● बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सीएम लेंगे जायजा
● मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गहमरवासियों में दिखा उत्साह
प्रभाकर सिंह
गाजीपुर। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। डीएम एमपी सिंह और एसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। प्रोटोकॉल के मुताबिक 9:30 बजे गहमर स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर उनका उड़न खटोला उतरेगा। इसके बाद 9:35 पर वे कार्यक्रम स्थल गहमर इंटर कॉलेज पहुंचेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों से भेंट एवं राहत सामग्री का वितरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा 10:45 पर मीडिया ब्रीफिंग सुनिश्चित की गई है। 11:10 बजे हेलीपैड गहमर स्टेडियम से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करते हुए मुख्यमंत्री बलिया के लिए रवाना हो जाएंगे।
कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को तैयारी युद्ध स्तर पर जारी रही। हेलीपैड, मंच, पांडाल के साथ ही बैरिकेडिंग का कार्य चलता रहा। कार्यक्रम को लेकर जिले के आला-अधिकारी दिनभर भागदौड़ करते हुए तैयारियों का जायजा लेते हुए तैयारियों में लगे लोगों को दिशा-निर्देश देते रहे।
वहीं जमानिया विधायक सुनीता सिंह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर दिनभर भागदौड़ करती रही। विधायक सुनीता सिंह ने अधिकारियों संग कार्यक्रम का स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, पांडाल आदि तैयारियों को देखते हुए जहां कमी नजर आई, अपना सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गहमरवासियों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है।
यह भी सूचना है कि भाजपा विधायक सुनीता सिंह के गहमर स्थित आवास पर भी सीएम जा सकते हैं। बता दें कि इस समय बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। गंगा खतरा बिंदु के पार बह रही है। दर्जनों मार्ग तबाह हो गए है। दो दर्जन से अधिक गांवों में गंगा का पानी घुस गया है, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है। इसकी लगातार सीएम खुद समीक्षा कर रहे हैं। सीएम आवास से गुरुवार की सुबह यह सूचना मिली कि 13 अगस्त को बाढ़ से प्रभावित गांवों का सीएम हेलीकॉप्टर से निरीक्षण करेंगे। इसकी सूचना सीएम हाउस से जिला प्रशासन के साथ ही जमानिया की भाजपा विधायक सुनीता सिंह को दी गई। वैसे विधायक सुनीता सिंह ने पूर्व में सीएम से मिलकर कामाख्या धाम दर्शन करने का आग्रह किया था। सुबह से ही सीएम के आगमन की तैयारी को लेकर विधायक सुनीता सिंह जुटी रही।