वाराणसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सर्किट हाउस में गतिमान प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल निगम, सीएनडीएस आदि निर्माण एजेंसी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करें। समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाहों के विरुद्ध कार्यवाही होगी। पीडब्ल्यूडी व अन्य निर्माण एजेंसी यह सुनिश्चित कर लें कि सड़कों में गड्ढे नहीं रहने चाहिए। हर विभाग को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। सड़कों पर कोई गड्ढा है तो तत्काल भरें। बरसात बाद गड्ढा मुक्ति अभियान चलाकर सड़कें दुरुस्त करें। कहीं भी सीवर ओवरफ्लो नहीं हो। सीनियर अफसर दौरा करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल निगम के कार्यों में विलंब पर गहरी नाराजगी जताई। चीफ इंजीनियर जल निगम एके पुरवार को 15 अक्टूबर के पूर्व शाही नाले की सफाई व जीर्णोद्धार का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। ऐसा नहीं होने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर आयुक्त प्रणय सिंह से मुख्यमंत्री ने नगर की सफाई, कूड़ा निस्तारण के बारे में पूछताछ की। नगर निगम में जुड़े गांव के लिए 700 कर्मी लगा दिए गए हैं। नई फागिंग मशीन क्रय कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बीडीए को कैंप लगाकर नक्शा पास करने के मामले निस्तारण के निर्देश दिए। अवैध वसूली करने वाले अभियंताओं पर करने के लिए आदेशित किया।
आख्या मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ को भेजें। कहा कि काशी में सौभाग्य से कार्य करने का अवसर मिलता है। यहां के कार्य का संदेश देश दुनिया में जाता है। ऐसा अच्छा काम करें, लोग यहां के कार्यों का अनुकरण करें। मुख्यमंत्री ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने पर बल दिया। शहर की कानून व्यवस्था में पुलिस कमिश्नरेट बनने का प्रभाव परिलक्षित हो। विकास परियोजनाओं का प्रजेंटेशन कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने किया।